दिल्‍ली का मौसम फरवरी में इतना बदला-बदला सा क्‍यों है ?

कितने दिलों को तोड़ती है कम्बख़्त फरवरी, यूं ही नहीं किसी ने इसके दिन घटाए हैं…! माह-ए-मोहब्बत फरवरी में इश्क में नाकाम आशिक अक्सर कुछ ऐसा ही गुनगुनाते हैं, लेकिन दिल्लीवालों का दर्द कुछ और ही है। सर्दियों के लिए जानी जाने वाली दिल्ली इस समय तपिश की मार झेल रही है तो आहें भरने वाले इस महीने में सांसों के लिए साफ हवा की भी तलाश में है।

मौसम का मिजाज इस बार जुदा है। पहले फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी आना शुरू हो गई। इसके बाद अब 20 फरवरी आते आते कोहरे ने वापसी कर ली है। वह भी उस समय जब गर्म कपड़े लगभग विदा हो चुके हैं। लोग अपनी जैकेटों को पैक कर चुके हैं। जी हां, अब मौसम विभाग ने रविवार को मध्यम से घने कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है।

रविवार सुबह मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। आंशिक तौर पर बादल देखने को मिलेंगे। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 13 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 20 फरवरी को कोहरा हल्का हो जाएगा। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रह सकता है। इसके बाद भी 24 फरवरी तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम नहीं आने वाला। वहीं न्यूनतम तापमान भी 13 से 14 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर फरवरी में कोहरा नई बात नहीं है। फरवरी में सामान्य तौर पर 10.9 दिन कोहरा रहता है। लेकिन इस बार यह हैरानी की बात इसलिए है क्योंकि फरवरी के शुरूआती 15 दिन काफी गर्म और कोहरे से दूर रहे। अब भी गर्मी बरकरार है। तापमान दो दिनों तक लगातार बढ़ेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार दरअसल हवाओं की गति कम हो गई है। इस समय कमजोर हवाएं उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही हैं। इन हवाओं में नमी अधिक होती है। इन हवाओं की वजह से नमी का स्तर करीब 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा है। यह 40 से 45 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इस वजह से कोहरा भी दिखाई देने लगा है।

Delhi News