LG से बोले केजरीवाल, कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है, कुछ कीजिए

शाहबाद डेयरी इलाके में नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से जवाब मांगा है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा, ‘दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं और उनमें पुलिस का कोई डर ही नहीं है।’

उन्होंने एलजी से कहा कि कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है। आप कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गुंडों के मन से कानून का खौफ खत्म हो गया है। संविधान ने दिल्ली के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी एलजी साहब को दी है। उन्हें कुछ काम करना चाहिए।

दिल्ली सरकार की महिला और बाल विकास मंत्री आतिशी ने कहा कि इस खौफनाक हत्याकांड की विडियो देखकर उनकी रूह कांप उठी है। उन्होंने कहा कि मैं एलजी को याद दिलाना चाहती हूं कि संविधान ने उन्हें दिल्ली के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी है, लेकिन वह अपना सारा समय अरविंद केजरीवाल के कामों को रोकने में लगाते हैं। एलजी साहब से हाथ जोड़कर निवेदन है कि वह दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दें, क्योंकि दिल्ली में महिलाएं बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं।

Delhi News