धोनी के घुटने की सर्जरी सक्सेसफुल:मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आज सुबह हुआ ऑपरेशन, IPL के पहले मैच में लगी थी चोट

IPL के दौरान चोटिल हुए महेंद्र सिंह धोनी की गुरुवार को घुटने की सर्जरी की गई। सर्जरी मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुई है। 5वीं बार चेन्नई सुपर किंग्स को IPL का खिताब दिलाने वाले धोनी को टूर्नामेंट के पहले ही मैच में चोट लग गई थी।

CSK CEO काशी विश्वनाथ ने धोनी को अगले सीजन के मिनी ऑक्शन से रिलीव किए जाने पर कहा, ‘सच कहूं तो हमने अभी नहीं सोचा है। यह धोनी पर निर्भर करता है कि वह आगे क्या फैसला लेंगे।’

धोनी गुजरात के खिलाफ IPLके पहले मैच में हो गए थे चोटिल
धोनी गुजरात के खिलाफ IPLके पहले ही मैच में चोटिल हो गए थे। गुजरात की पारी के19वें ओवर में दीपक चाहर की गेंद को रोकने के लिए धोनी ने डाइव लगाई, जिसके बाद धोनी कराहते नजर आए। उन्होंने तुरंत ही अपना पैर पकड़ लिया था। वह किसी तरह खड़े हो गए। कुछ देर धोनी परेशान नजर आए। उसके बाद उन्होंने विकेट कीपिंग जारी रखी।

मैच के बाद CSK के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी की चोट पर अपडेट दिया। फ्लेमिंग ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले धोनी के घुटने में दर्द हो रहा था। उसके बाद धोनी बाद के मैचों में बाएं घुटने पर पट्टी बांधकर खेलते नजर आए थे। यही नहीं वह घुटने की चोट की वजह से बल्लेबाजी करने भी अधिकांश मैचों में निचले क्रम पर ही आए। पिच पर भी वह दौड़ कर रन लेने के बजाय बड़े शॉट ज्यादा खेलते ज्यादा नजर आए। धोनी ने भी IPL सीजन के बीच में कहा था कि वह ज्यादा दौड़ नहीं सकते हैं। इसलिए वह निचले क्रम पर आकर बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं।

रवींद्र जडेजा, सुरेश रैना और पंत की भी घुटने की सर्जरी हो चुकी है
धोनी से पहले सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा और ऋषभपंत भी घुटने की सर्जरी हो चुकी है। सुरेश रैना ने साल 2019 में 32 साल की उम्र में घुटने की सर्जरी कराई थी। रैना को घुटने में 2007 से ही समस्या थी। वहीं पिछले साल सितंबर में रवींद्र जडेजा ने भी घुटने की सर्जरी कराई थी। पिछले साल एशिया कप के दौरान हांगकांग के खिलाफ मैच में उनके घुटने में चोट लग गई थी। जिसकी वजह से वह टी-20 वर्ल्ड कप सहित कई टूर्नामेंट से टीम से बाहर रहे थे। वहीं पंत को भी कार एक्सीडेंट के बाद घुटने की सर्जरी करानी पड़ी। उनके घुटने का भी ऑपरेशन कोकिलाबेन अस्पताल के डॉक्टरों ने किया। पंत का पिछले साल 30 दिसंबर को दिल्ली से अपने घर रुड़की जाने के दौरान उनके कार का एक्सीडेंट हो गया था।

Sports Sports Update