दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर सिखों का प्रदर्शन : लंदन में तिरंगे के अपमान का विरोध किया, कहा- भारत हमारा स्वाभिमान है

लंदन में रविवार को भारतीय हाई कमीशन में तोड़फोड़ की घटना का विरोध सोमवार को नई दिल्ली में किया गया। लंदन में खालिस्तान समर्थकों ने हाई कमीशन का तिरंगा उतार दिया था। नई दिल्ली में बड़ी तादाद में सिख ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर जुटे और खालिस्तानियों की हरकत का विरोध किया।

सिखों ने यहां खालिस्तानियों के खिलाफ बैनर-पोस्टर लहराए और नारेबाजी की। कहा- भारत हमारा स्वा‌भिमान है। इन सिखों के मुताबिक तिरंगे का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नई दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पहुंचे सिखों ने कहा- पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेंसी ISI हमारे देश के अमन-चैन को तबाह करने की साजिश रच रही है। हमने हमेशा अपने तिरंगे का सम्मान किया है और लंदन में हुई हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल एक युवा सिख ने कहा- लंदन में जो कुछ हुआ, हम उसका जवाब देने आए हैं। हम ये किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। आज हम हजारों सिख अपने-अपने काम छोड़कर ये बताने आए हैं कि अपने तिरंग का निरादर सहन नहीं करेंगे। वी लव अवर इंडिया- भारत माता की जय।

Delhi News International News