छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी पर हिंदू धर्मगुरु की अपमानजनक  टिप्पणी करने पर अधिकारी हुआ निलंबित

छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी पर हिंदू धर्मगुरु की अपमानजनक टिप्पणी करने पर अधिकारी हुआ निलंबित

छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी पर हिंदू धर्मगुरु की अपमानजनक टिप्पणी के बाद अब एक सरकारी अधिकारी ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपिता पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी कर दी है। राज्य शासन ने अधिकारी को निलंबित कर दिया है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि फेसबुक पर महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में राज्य शासन ने रायपुर जिले के सहायक खाद्य अधिकारी संजय दुबे को निलंबित कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने दुबे का निलंबन आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि अधिकारी दुबे द्वारा सोशल मीडिया पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के संबंध में अपमानजनक एवं निंदाजनक टिप्पणी किया जाना छत्तीसगढ़ लोक सेवा (आचरण) नियम का उल्लंघन है। इसलिए संजय दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

राजधानी रायपुर में रविवार को धर्म संसद में कालीचरण महाराज द्वारा महात्मा गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि इस दौरान दुबे ने भी फेसबुक पर महात्मा गांधी पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी।

सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी के वायरल होने के बाद दुबे ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर सफाई दी है कि किसी व्यक्ति ने मेरे मोबाइल को हैक कर मेरे नाम से पीयूष कुमार जी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बारे में अपमानजनक बात लिख दी। मेरे मन में गांधी जी के प्रति असीम श्रद्धा है। वे देश के राष्ट्र निर्माण में अग्रज व्यक्ति हैं। वे मेरे सम्मानीय हैं।

Delhi News India News