मौसम: दिल्ली में सप्ताह भर और मानसून रहने के आसार..

मौसम: दिल्ली में सप्ताह भर और मानसून रहने के आसार..

दिल्ली में मानसून अभी कम से कम सप्ताह भर और रहेगा। हालांकि, इस दौरान तेज बारिश के आसार कम ही हैं। इसके चलते तापमान में भी इजाफा होगा। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में लगातार तापमान में इजाफा हो रहा है। सफदरजंग मौसम केन्द्र में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यह लगातार तीसरा दिन है जब तापमान 35 डिग्री या उससे ज्यादा रहा।

वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। आर्द्रता का स्तर 86 से 59 फीसदी तक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह भर के बीच तेज बारिश के आसार नहीं हैं। इस दौरान बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते तापमान आमतौर पर 34 से 35 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

मानसून की वापसी पश्चिमी राजस्थान से छह अक्तूबर से शुरू होने के आसार हैं। इसके चलते माना जा रहा है कि इसके दो-तीन दिन बाद ही दिल्ली से भी मानसून की विदाई हो जाएगी। इस दौरान मानसून की परिस्थितियां दिल्ली के ऊपर बनी रहेंगी। मौसम के किसी विशेष सिस्टम के नहीं होने के चलते ही तेज बारिश के आसार नहीं बन रहे हैं।

दिल्ली की हवा गुरुवार को संतोषजनक श्रेणी में रही। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 84 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। सफर का अनुमान है कि अगले दो दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर इसी आसपास बना रहेगा।

Delhi News India News