LG ने AAP विधायक के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी के लिए मामला विधानसभा अध्यक्ष को भेजा, क्या है आरोप

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आप विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के खिलाफ एक मामले में मुकदमे चलाने की मंजूरी के लिए सतर्कता निदेशालय के अनुरोध को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के पास भेजा है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी (आप) या त्रिपाठी की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अधिकारी ने बताया कि मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र से आप के विधायक त्रिपाठी पर पिछले साल हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में कथित तौर पर पार्टी का टिकट दिलाने के लिए एक महिला से 90 लाख रुपये मांगने का आरोप है।

उन्होंने यह भी बताया कि महिला के पति की शिकायत पर भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने नवंबर में त्रिपाठी और उनके परिचितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। उपराज्यपाल कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, उपराज्यपाल ने आप विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा चलाने के सतर्कता निदेशालय के अनुरोध को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष (राम निवास गोयल) को भेज दिया है।

इस मामले में विधायक के परिचित और उनके निजी सहायक समेत तीन लोगों को 16 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। विधायक के निजी सहायक को शिकायतकर्ता के आवास से गिरफ्तार किया गया, जहां वह कमला नगर वार्ड से एमसीडी चुनाव लड़ने के लिए महिला को आप का टिकट नहीं मिलने पर कथित रूप से रिश्वत की रकम वापस करने गया था।

Delhi News