दिल्ली की 4 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है AAP

दिल्ली में लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच शीट शेयरिंग को लेकर बात बन गई है। आज AAP अपने चारों उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। वहीं खबर है कि कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं।

दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन तय होने के बाद अब आम आदमी पार्टी अपने हिस्से आई चार सीटों के लिए मंगलवार को उम्मीदवार तय कर सकती है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (PAC) की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अन्य राज्यों के साथ-साथ दिल्ली की चारों सीटों के लिए भी संभावित कैंडिडेट्स के नामों पर विचार किया जाएगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर कोई बड़ा मसला नहीं रहा, तो शाम तक चारों ही सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी जाएगी।

जहां तक इन चार सीटों के दावेदारों सवाल है, तो पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन सीटों पर पार्टी अपने अनुभवी नेताओं को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। इनमें अधिकतर दावेदार वर्तमान में पार्टी के विधायक या पदाधिकारी हैं। सूत्रों के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली सीट पर पार्टी अनुभवी राजनेता महाबल मिश्रा को मैदान में उतार सकती है। इस क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व सांसद रहे महाबल मिश्रा ने दो साल पहले आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली थी। उनके बेटे विनय मिश्रा भी आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। इस क्षेत्र में पूर्वांचली वोटरों पर महाबल की अच्छी पकड़ मानी जाती है और उनका पुराना राजनीतिक अनुभव भी पार्टी के काम आएगा।

सूत्रों के अनुसार, साउथ दिल्ली सीट पर पार्टी के दो विधायक करतार सिंह तंवर और सहीराम दावेदारी की रेस में है। तंवर की गिनती जहां पार्टी के सबसे रईस विधायकों में की जाती है वहीं, सहीराम भी लंबे अरसे से दक्षिण दिल्ली में राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय हैं। दोनों नेता जातिगत समीकरणों के लिहाज से भी इस सीट के लिए मुफीद माने जा रहे हैं। नई दिल्ली सीट पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक सोमनाथ भारती का नाम चर्चा में है, जो पहले दिल्ली सरकार में कानून मंत्री भी रह चुके हैं। उनका मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली लोकसभा का ही हिस्सा है और उनका पूर्वांचल का बैकग्राउंड भी पार्टी के काम आ सकता है।

Delhi News