सोनिया गांधी अब राज्यसभा जाएंगी:नड्डा गुजरात और 1 दिन पहले भाजपा में आए अशोक चह्वाण महाराष्ट्र से राज्यसभा कैंडिडेट

सोनिया गांधी अब लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नॉमिनेशन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद थे। गांधी परिवार में इंदिरा के बाद सोनिया राज्यसभा जाने वाली दूसरी सदस्य होंगी।

कांग्रेस ने 27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए आज दो लिस्ट जारी की। इनमें 7 राज्यों से 10 प्रत्याशी के नाम हैं। राजस्थान से सोनिया गांधी, हिमाचल प्रदेश से अभिषेक मनु सिंघवी, बिहार से डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे का नाम शामिल है।

इसके अलावा कर्नाटक से अजय माकन, डॉ. सैय्यद नसीर हुसैन, जीसी चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश से अशोक सिंह, तेलंगाना से रेणुका चौधरी और एम अनिल कुमार यादव का नाम तय किया है।

इधर, भाजपा ने भी बुधवार को दो लिस्ट जारी की। पहली लिस्ट में 5 नाम- ओडिशा से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर का नाम शामिल है। वैष्णव को ओडिशा में BJD ने समर्थन का ऐलान किया है।

इसके बाद दोपहर में 7 नामों की दूसरी लिस्ट आई। इसमें गुजरात से पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, गोविंदभाई ढोलकिया, मयंकभाई नायक, जशवंतसिंह सलामसिंह परमार का नाम शामिल है। इसके अलावा महाराष्ट्र से 3 नाम शामिल हैं। इनमें एक दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व CM अशोक चव्हाण, मेधा कुलकर्णी और अजित गोलछड़े का नाम शामिल है।

उधर, महाराष्ट्र की NCP ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। अजित पवार की पार्टी ने प्रफुल्ल पटेल को उम्मीदवार बनाया है। हाल ही में कांग्रेस छोड़ कर पार्टी में आए बाबा सिद्दकी को उम्मीदवारी नहीं मिली है।

भाजपा ने अब तक 26 प्रत्याशी घोषित किए
भाजपा ने अब तक 26 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने आज 15 और 11 फरवरी को 14 नामों की घोषणा की थी। इनमें उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से भाजपा में आए आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन शामिल हैं।

इसके अलावा हरियाणा से सुभाष बराला, बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम लिस्ट में शामिल है।

उत्तर प्रदेश से भाजपा के 7 कैंडिडेट का नामांकन
BJP के 7 राज्यसभा कैंडिडेट बुधवार को विधानसभा पहुंचे। सातों ने नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर CM योगी, दोनों डिप्टी CM भी मौजूद रहे। BJP ने सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, अमरपाल मौर्य, चौधरी तेजवीर सिंह, संगीता बलवंत, साधना सिंह, नवीन जैन को राज्यसभा कैंडिडेट बनाया है।

Delhi News General News India News