PM मोदी धनुषकोडि में अरिचल मुनाई पहुंचे:यहां से रामसेतु बना, यहीं राम ने विभीषण का राज्याभिषेक किया था; कोदंडारामास्वामी मंदिर भी जाएंगे

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के दौरे पर हैं। आज (रविवार 21 जनवरी) सुबह 10:15 बजे PM धनुषकोडि के पास अरिचल मुनाई पहुंचे। माना जाता है कि यहीं पर राम सेतु का निर्माण हुआ था।

धनुषकोडि को लेकर कहा जाता है कि यहीं पर विभीषण पहली बार श्री राम से मिले थे और उनसे शरण मांगी थी। कुछ किवदंतियां यह भी कहती हैं कि यही वह जगह है जहां श्री राम ने विभीषण का राज्याभिषेक किया था। पीएम यहां कोदंडारामस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह मंदिर, श्री कोदंडाराम स्वामी को समर्पित है। कोदंडारामा नाम का अर्थ धनुषधारी राम है।

रामायण काल से जुड़े मंदिरों के दर्शन कर रहे पीएम
पीएम मोदी 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले उन मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं जो रामायण काल से जुड़े हैं। एक दिन पहले भी वे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के श्रीरंगम में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर गए थे।

पीएम मोदी यहां से दिल्ली रवाना हो जाएंगे। इसके बाद 22 जनवरी की सुबह 10.30 बजे अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेंगे। सुबह 11 बजे राम मंदिर पहुंच जाएंगे। यहां वे 3 घंटे रुकेंगे।

पीएम मोदी का तमिलनाडु दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भी तमिलनाडु दौरे पर थे। यहां उन्होंने दो मंदिरों में पूजा की थी। पीएम पहले तिरुचिरापल्ली के श्रीरंगम में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर गए। वहां उन्होंने अंदल नाम के हाथी को गुड़ खिलाया और आशीर्वाद लिया।

दोपहर में उन्होंने रामेश्वरम में रोड शो किया। इसके बाद पीएम ने रामेश्वरम के अग्नि तीर्थम पर डुबकी लगाई फिर भगवान रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा की। यहां उन्होंने रामायण पाठ और भजन संध्या में हिस्सा लिया। श्री रंगनाथस्वामी और रामेश्वरम मंदिर भी भगवान राम के जीवन से जुड़े हैं।

General News India News