भारतीय सेना 400 हॉवित्जर तोप खरीदेगी:रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा; IAF 156 प्रचंड हेलिकॉप्टर खरीदने का ऑर्डर देगा

आर्मी ने रक्षा मंत्रालय को 400 हॉवित्जर तोप खरीदने का प्रस्ताव भेजा है। इस पर 6 हजार 500 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। पूरी तरह से स्वदेशी इन तोपों का निर्माण डिफेंस रिसर्च एंड डेवलेपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) ने किया है। वहीं IAF जल्द ही 156 प्रचंड हेलिकॉप्टर खरीदने का ऑर्डर HAL को देगा। ये हेलिकॉप्टर पाकिस्तान और चीन की सीमा पर तैनात किए जाएंगे। प्रचंड हल्का लड़ाकू हेलिकॉप्टर है।

सेना से जुड़े एक सीनियर अफसर ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि, सरकार जल्द ही एक हाई लेवल बुलाने वाली है, जिसमें हॉवित्जर तोपों की खरीदी पर फैसला लिया जाएगा। यह तोप पुरानी तोपों से काफी हल्की है।

इस तोप से दागे जाने वाले गोलों की रेंज 48 किलोमीटर है, जबकि उसी गोले को बोफोर्स तोप 32 किलोमीटर दूर तक दाग सकती है। ये 155 MM की कैटेगरी में दुनिया में सबसे ज्यादा दूरी तक गोले दागने में सक्षम है। यह तोप -30 डिग्री सेल्सियस से लेकर 75 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर सटीक फायर कर सकती है।

इसकी 26.44 फीट लंबी बैरल से हर मिनट 5 गोले दागे जा सकते हैं। इसमें आटोमैटिक राइफल की तरह सेल्फ लोडेड सिस्टम भी है। इस तोप से निशाना लगाने के लिए थर्मल साइट सिस्टम लगा है। मतलब रात में भी इससे सटीक निशाना लगाया जा सकता है। इसके अलावा इसमें वायरलेस कम्युनिकेशन सिस्टम भी मौजूद है।

IAF और सेना के पास 15 प्रचंड हेलिकॉप्टर
IAF और भारतीय सेना ने पिछले 15 महीनों में इनमें से 15 प्रचंड हेलिकॉप्टर्स को पहले ही अपने बेड़े में शामिल कर लिया है। हाल ही में भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए लगभग 100 और हल्के लड़ाकू विमान मार्क 1A खरीदने की घोषणा की थी। इन दोनों खरीद सौदे की कुल कीमत 1.5 लाख करोड़ रुपए से अधिक है।

156 हेलिकॉप्टरों में से 66 भारतीय वायु सेना द्वारा शामिल किए जाएंगे जबकि बाकी 90 भारतीय सेना द्वारा अधिग्रहित किए जाएंगे।

हॉवित्जर को ATAGS भी कहा जाता है
जैसा कि इसके नाम Advanced Towed Artillery Gun System से जाहिर है कि यह टोड गन यानी ऐसी तोप है जिसे ट्रक से खींचा जाता है। हालांकि, यह गोला दागने के बाद बोफोर्स की तरह कुछ दूर खुद ही जा सकती है। इस तोप का कैलिबर 155MM है। मतलब यह कि इस आधुनिक तोप से 155MM वाले गोले दागे जा सकते हैं।

ATAGS को हॉवित्जर भी कहा जाता है। हॉवित्जर यानी छोटी तोपें। दरअसल, दूसरे विश्व युद्ध और उसके बाद तक युद्ध में बहुत बड़ी और भारी तोपों का इस्तेमाल होता था। इन्हें लंबी दूरी तक ले जाने और ऊंचाई पर तैनात करने में काफी मुश्किलें होती थीं। ऐसे में हल्की और छोटी तोप बनाई गईं, जिन्हें हॉवित्जर कहा गया।

इसे देशी बोफोर्स क्यों कहा जा रहा है?
ये तोप DRDO की पुणे स्थित लैब ARDE ने भारत फोर्ज लिमिटेड, महिंद्रा डिफेंस नेवल सिस्टम, टाटा पॉवर स्ट्रैटेजिक और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड ने डेवलप किया है। 2013 में इसके डेवलपमेंट का काम शुरू हुआ था और पहला कामयाब टेस्ट 14 जुलाई 2016 में किया गया। इस तोप का इस्तेमाल और खासियत काफी कुछ बोफोर्स तोप से मिलती-जुलती हैं, इसलिए इसे देशी बोफोर्स भी कहा जाता है।

Delhi News General News India News