महाराष्ट्र बड़ा फेरबदल : राज्य सरकार ने मुंबई क्राइम ब्रांच के 65 पुलिसकर्मियों का तबादला किया, उद्धव ठाकरे और अनिल देशमुख की बैठक के बाद फैसला

महाराष्ट्र बड़ा फेरबदल : राज्य सरकार ने मुंबई क्राइम ब्रांच के 65 पुलिसकर्मियों का तबादला किया, उद्धव ठाकरे और अनिल देशमुख की बैठक के बाद फैसला

महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार देर रात मुंबई क्राइम ब्रांच के 65 पुलिसकर्मियों सहित 86 अधिकारियों का तबादला किया है। मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के तबादले के बाद राज्य के पुलिस महकमे में यह सबसे बड़ा फेरबदल है। इससे पहले देर शाम मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के आला अधिकारियों के साथ अपने सरकारी आवास पर बैठक की थी। इसके कुछ घंटे बाद ही गृह मंत्री अनिल देशमुख भी CM से मिलने पहुंचे थे। इन दो बैठकों के बाद ही पुलिस विभाग में यह बदलाव किया गया है।

एंटीलिया केस में बरामद SUV के मालिक मनसुख हिरेन की कथित आत्महत्या के बाद इसी मामले में मुंबई पुलिस के निलंबित API सचिन वझे से NIA पूछताछ कर रही है। वझे पर संदेह के बीच इस मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच राज्य की एक और महिला IPS अधिकारी और इंटेलीजेंस कमिश्नर रश्मि शुक्ल ने महाराष्ट्र में पुलिस अधिकारियों के तबादले को लेकर बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि महाराष्ट्र के पुलिस विभाग में दलाल सक्रिय हैं जाे ट्रांसफर का रैकेट चलाते हैं। मामले को लेकर आज विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने सुबह प्रेस कांफ्रेंस बुलाई थी और शाम को दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह सचिव से भी मुलाकता की।

परमबीर सिंह ने राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पिछले हफ्ते पत्र लिखकर दावा किया था कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पुलिस अधिकारियों को 100 करोड़ रुपये की मासिक वसूली करने को कहा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे पत्र में सिंह ने कहा कि देशमुख ने पुलिस अधिकारी सचिन वझे से कहा था कि उन्होंने बार, रेस्त्राओं और ऐसे ही अन्य प्रतिष्ठानों से हर महीने 100 करोड़ रुपए की वसूली करने का लक्ष्य रखा है।

General News Maharashtra News