Dillinews7 – योगी बोले- बंगाल में TMC का हाल यूपी में राम का विरोध करने वालों जैसा होगा; रामद्रोहियों का देश में कोई काम नहीं

Dillinews7

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचे। यहां चुनावी सभा में योगी ने कहा कि कभी भारत को नेतृत्व देने वाला बंगाल आज बदहाल है। यहां सत्ता प्रायोजित अपराध और आतंकवाद देश की सुरक्षा को कड़ी चुनौती दे रहा है। बंगाल में जय श्री राम के नारे लगाने से रोका जाता है, हमारे कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे हैं। फिर भी यहां की सरकार कुछ नहीं करती।’

उन्होंने कहा, ‘बंगाल में शक्ति की पूजा होती है, लेकिन यहां दुर्गा पूजा पर ही पाबंदी लगा दी जाती है। ईद पर जबरदस्ती गोहत्या करवाई जाती है। इसके बावजूद ममता सरकार चुप रहती है। मैं बंगाल सरकार और ममता दीदी को बताना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में एक सरकार ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। आज उस सरकार की हालत किसी से छुपी नहीं है। जो राम का द्रोही है, उसका भारत और बंगाल में कोई काम नहीं है। जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं।’

बंगाल में अराजकता और बदहाली
योगी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मालदा सनातन संस्कृति की भूमि है। आज जब बंगाल में अराजकता और बदहाली दिखाई देती है, तो पूरे देश को पीड़ा होती है। आज बंगाल में गरीबी और बदहाली है। बंगाल में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं होने दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) जब लागू हुआ, तो बंगाल में हिंसा क्यों हुई? ये सत्ता प्रायोजित हिंसा है। बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं किया गया। केंद्र की किसी भी योजना का लाभ यहां के लोगों को नहीं मिल रहा है। बंगाल में लव जिहाद को अंजाम दिया जा रहा है, यहां की सरकार इसे रोक नहीं पा रही है।

24 घंटे में गो-तस्करी पर पाबंदी लगाएंगे
योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने धारा 370 को खत्म किया। अयोध्या में राम मंदिर का भी निर्माण हो रहा है। आज यूपी में कोई गो-हत्या नहीं कर सकता है। योगी ने ऐलान किया कि बंगाल में भाजपा की सरकार आई, तो 24 घंटे में गो-तस्करी पर पाबंदी लगा दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि यहां की सरकार मुहर्रम को अनुमति देती है, लेकिन दुर्गा पूजा पर रोक लगा दी जाती है। हमने यूपी में दुर्गा पूजा के समय को नहीं बदला। हम स्वामी विवेकानंद की परंपरा को प्रणाम करते हैं।

मालदा पर क्यों है भाजपा की नजर?
मालदा बंगाल में इसलिए खास है, क्योंकि यहां के अधिकतर वोटर मुस्लिम समुदाय से आते हैं। ऐसे में तृणमूल के गढ़ में सेंध लगाने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही। हालांकि मालदा इलाके में भाजपा पहले भी सेंधमारी कर चुकी है। 2019 के लोकसभा चुनाव में मालदा उत्तर की लोकसभा सीट पर भाजपा ने कब्जा किया था, इसके अलावा पिछले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने इसी क्षेत्र की वैष्णवनगर सीट को जीता था।

General News India News Politics