अयोध्या से अहमदाबाद के बीच शुरू हुई इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट, हफ्ते में तीन दिन मिलेगी हवाई सेवा

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने वर्चुअल माध्‍यम से इस सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। हफ्ते में तीन दिन मिलने वाली इस सुविधा का फायदा उठाया जा सकता है। इससे पहले अयोध्‍या से दिल्‍ली के लिए फ्लाइट शुरू हुई थी। 15 जनवरी से मुंबई के लिए भी हवाई सेवा का आगाज हो जाएगा।

धर्मनगरी अयोध्या में प्रभु श्री राम के दर्शन-पूजन की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं औ पर्यटकों को अहमदाबाद से अयोध्या के बीच सीधी हवाई सेवा का विकल्प मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अहमदाबाद-अयोध्या के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर योगी ने कहा कि इस उड़ान सेवा से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या सीधे अहमदाबाद से जुड़ गई है। अयोध्या से दिल्ली के बाद अहमदाबाद दूसरा कनेक्टेड स्थल है। 15 जनवरी से मुंबई के लिए उड़ान सेवा शुरू हो जाने के बाद ये तीसरा कनेक्टेड स्थल हो जाएगा। इसके अलावा 16 जनवरी से दिल्ली के लिए एक और उड़ान आरंभ हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में यूपी हवाई यात्रियों की संख्या 59.97 लाख थी, जो 2022-23 में बढ़कर 96.02 लाख हो गई। गत तीन सालों में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या में 29.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2016-17 में लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या 39. 68 लाख, वाराणसी में 19.16 लाख, गोरखपुर में 54 हजार तथा प्रयागराज में 45 हजार थी। जबकि वर्ष 2022-23 में लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 52.20 लाख, वाराणसी में 25.21 लाख, गोरखपुर में 7.18 लाख तथा प्रयागराज में 5.71 लाख हो गई। योगी ने कहा कि अयोध्या में पांच पहले तक एक छोटी सी एयरस्ट्रिप थी, लेकिन आज यहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहा है। अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए 821 एकड़ की भूमि राज्य सरकार ने उपलब्ध कराई और केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने समयबद्धता के साथ विश्वस्तरीय एयरपोर्ट तैयार कराया।

अलीगढ़ और श्रावस्‍ती में हवाई सेवा जल्‍द

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस फ्लाइट के माध्यम से वाइब्रेंट गुजरात और आध्यत्मिक अयोध्या का संगम हो रहा है। जिस उत्तर प्रदेश में 2014 में 700 एयरक्राफ्ट प्रति सप्ताह था, आज 137 गुना बढ़कर 1654 एयर मूवमेंट प्रति सप्ताह तक पहुंच गया है। बहुत जल्द अलीगढ़, आजमगढ़, चित्रकूट, श्रावस्ती में भी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है।

Uttar Pradesh News